Maharashtra Weather Update | अरब सागर में हवा का रुख बदला; कोकण समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मुंबई: Maharashtra Weather Update | महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों से कहीं मूसलाधार, तो कहीं लगातार हल्की बारिश हो रही है। इसी बीच अरब सागर में साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवाती परिसंचरण) विकसित हुआ है। लगातार आठवें दिन बने कम दबाव क्षेत्र के कारण समुद्र में हवा की गति और तेज हो जाएगी। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले घंटों में कोकण और पश्चिम महाराष्ट्र के जिलों में भारी से अतिभारी बारिश हो सकती है।
मुंबई और कोकण क्षेत्र
मौसम विभाग ने गुरुवार को मुंबई, पालघर, ठाणे, रायगड़ और रत्नागिरी जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। मुंबई में पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश ने जनजीवन प्रभावित किया है। कई इलाकों में पानी भरने से मुंबईकरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। आज सुबह से ही शहर और उपनगरों में तेज बारिश का सिलसिला जारी है।
मराठवाड़ा और विदर्भ
अमरावती और बुलढाणा जिलों में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि विदर्भ में पिछले सप्ताह से लगातार बरस रहे मेघ अब कुछ थमते नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग ने बताया कि कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश बनी रहेगी।
आज जायकवाड़ी बांध के 18 दरवाजे खोले जाएंगे। सुबह 6 से 7 बजे के बीच गोदावरी नदी में लगभग 9,432 क्यूसेक पानी छोड़ा जाएगा। प्रशासन ने नदी किनारे के गांवों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
नाशिक और पालघर
भारतीय मौसम विभाग ने नाशिक जिले के लिए रेड अलर्ट और पालघर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले कुछ घंटों में इन जिलों में मूसलाधार बारिश की संभावना जताई गई है।